-सीनियर लोको पायलट के घर को बनाया निशाना, शादी के लिए रखे डायमंड और सोने के आभूषण समेत लैपटॉप ले गए चोर; बाहर का दरवाजा बंद कर बाउंड्री फांदकर घुसे अपराधी
-रेलवे कॉलोनी से पहाड़ी मंदिर तक चोरी की वारदातों से दहशत, लगातार घटनाओं के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद
बरवाडीह:- बरवाडीह में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब रेलवे कॉलोनी के आवास भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। चोरों ने रेलवे क्वार्टर संख्या 169 D में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। सीनियर लोको पायलट राजेश कुमार के आवास से चोर करीब 12 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के जेवरात समेत लैपटॉप लेकर फरार हो गए। चोरी गए आभूषण शादी के लिए घर में रखे गए थे।जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार 23 नवंबर की सुबह अपने घर से बाहर गए थे। गुरुवार की सुबह जब वह वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे कीमती जेवरात और लैपटॉप गायब हैं। चोरी की इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बाउंड्री फांदकर घर में घुसे चोर
वारदात को अंजाम देने का तरीका भी चौंकाने वाला है। बताया जाता है कि घर का बाहरी दरवाजा बंद था। चोर अंदर की बाउंड्री फांदकर परिसर में दाखिल हुए और फिर घर का ताला तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए। इससे साफ है कि चोरों ने घर को निशाना बनाने के लिए मौके का फायदा उठाया।
मंदिर से रेलवे कॉलोनी तक चोरी, सुरक्षा पर सवाल
बरवाडीह में चोरी की घटनाओं का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। कुछ दिन पहले पहाड़ी मंदिर में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। रेलवे क्वार्टर में भी पहले चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। अब एक बार फिर रेलवे आवास से लाखों की चोरी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि जब रेलवे कॉलोनी और धार्मिक स्थल तक चोरों की पहुंच है, तो आम लोगों के घर कितने सुरक्षित हैं?
जांच में जुटी पुलिस
मामले की पड़ताल में प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी रामलखन वर्णवाल जुटे हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग गश्ती बढ़ाने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

