संतोषी कुमारी की पहल के बाद बरवाडीह पहुंचे डीडीसी, भवन निर्माण के लिए दो स्थलों का निरीक्षण
बरवाडीह। जिला परिषद के डाक बंगला से जुड़ा मामला अब प्रशासनिक स्तर पर आगे बढ़ने लगा है। गुरुवार को डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद बरवाडीह पहुंचे और डाक बंगला भवन निर्माण के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर और अखरा को भवन निर्माण के लिए दो संभावित स्थलों के रूप में चिह्नित किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों स्थानों की स्थिति का जायजा लिया। अब स्थल की उपयुक्तता का आकलन करने के बाद तय किया जाएगा कि डाक बंगला भवन का निर्माण कहां कराया जाएगा।
गौरतलब है कि जिला परिषद के डाक बंगला का मामला लंबे समय से चर्चा में रहा है। पश्चिमी जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने इस मुद्दे को जिला परिषद के सदन में कई बार प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने लगातार इस समस्या के समाधान की मांग करते हुए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था।
अब डीडीसी के बरवाडीह पहुंचकर संभावित स्थलों का निरीक्षण किए जाने से डाक बंगला निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की उम्मीद जगी है। स्थानीय स्तर पर भी इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी रामलखन वर्णवाल, अंचलाधिकारी लोकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

