-चार अब भी फरार; वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बरवाडीह। पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के बेतला नेशनल पार्क में पांच जंगली चीतलों के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 27 सितंबर की बतायी जा रही है। वन विभाग की कार्रवाई के बाद शिकार से जुड़े गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में कुल सात लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आयी है, जिनमें चार आरोपित अब भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, बेतला नेशनल पार्क क्षेत्र में पांच चीतलों के शिकार की सूचना मिलने के बाद पीटीआर के उत्तरी प्रमंडल के उपनिदेशक प्रजेश कांत जेना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी करते हुए घेराबंदी की और तीन नामजद आरोपितों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मुरू गांव निवासी संतोष सिंह (37), पिता पच्चू सिंह, सुरेंद्र राम (38), पिता जागीर राम और सीताराम सिंह (25), पिता अज्ञात शामिल हैं। वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद सभी को लातेहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
चार आरोपितों की तलाश तेज
घटना में शामिल चार अन्य आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। बेतला जैसे संरक्षित वन क्षेत्र में एक साथ पांच चीतलों के शिकार की घटना ने वन्यजीव सुरक्षा और पार्क की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।

