Browsing: Top Story

हम बात करेंगे चतरा, पलामू और लोहरदगा लोकसभा चुनाव के रोमांच की। देश में चौथे और झारखंड में पहले चरण के चुनाव में 29 अप्रैल को इन लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। सभी दलों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। मगर जनता की खामोशी ने प्रत्याशियों के दिल की धड़कनें बढ़ा दी हैं। चतरा में भाजपा, कांग्रेस और राजद के बीच त्रिकोणीय संघर्ष है। यहां भाजपा के सुनील सिंह, राजद के सुभाष यादव और कांग्रेस के मनोज यादव आमने-सामने हैं। यहां विपक्ष के वोटों में जहां सुभाष यादव और मनोज यादव के बीच बंटवारा है, तो भाजपा को निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र साहू नुकसान पहुंचा रहे हैं। पलामू और लोहरदगा सीट पर भाजपा और महागठबंधन में सीधा मुकाबला है। पलामू में महागठबंधन से राजद प्रत्याशी घूरन राम भाजपा को टक्कर दे रहे हैं, तो लोहरदगा में कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत चट्टान की तरह भाजपा प्रत्याशी सुदर्शन भगत के समक्ष खड़े हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि मतदान में महज कुछ घंटे बचे हैं और मतदाताओं का रुझान खुलकर सामने नहीं आ रहा है। हालांकि प्रचार के मामले में लोहरदगा, चतरा और पलामू में भाजपा का प्रदर्शन दमदार रहा है। लोहरदगा में प्रधानमंत्री तो चतरा और पलामू में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी शंखनाद किया है, वहीं पलामू में भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष अमित शाह भी आज जान फूंकेंगे। चतरा और पलामू में राजद का प्रचार भी दमदार रहा है। खुद तेजस्वी यादव दो-दो बार चुनावी सभाएं कर चुके हैं। लोहरदगा में कांग्रेस के सुखदेव भगत खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और दिन रात एक किये हुए हैं। यहां पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी सहित झाविमो के नेताओं का भी उन्हें भरपूर साथ मिला है। हां, झारखंड के प्रथम चरण के मतदान में महागठबंधन की तरफ से और खासकर कांग्रेस की तरफ से जिन राष्टÑीय नेताओं के प्रचार की बात शुरू में सामने आयी थी, उनमें से कोई नहीं आया। प्रचार की दृष्टि से चतरा में कांग्रेस प्रत्याशी को दल के किसी बड़े नेता का साथ नहीं मिला है। क्या है चतरा, पलामू और लोहरदगा का मिजाज, इस पर प्रकाश डाल रहे हैं ज्ञान रंजन।