आजाद सिपाही संवाददाता
जमशेदपुर। टेल्को थाना अंतर्गत सबुज कल्याण संघ के दुर्गा पूजा पंडाल के समीप अपराधियों ने रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार की गोली मार कर हत्या कर दी। रंजीत पर उस वक्त हमला किया गया, जब वह अपनी बेटी को दुर्गा पूजा घुमाने के लिए टेल्को के सबुज कल्याण संघ स्थित पूजा पंडाल गया था। अपराधियों ने पहले रंजीत से बातचीत की और फिर उसकी 13 साल की बेटी को पकड़ लिया। जब रंजीत उसे बचाने गया, तो उस पर फायरिंग कर दी गयी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गये, जबकि आसपास में पुलिस के जवान तैनात थे। सूचना पाकर परिजन घटना स्थल पहुंचे और घायल पड़े रंजीत को तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। रंजीत की बेटी तरण कौर ने पुलिस को बताया कि वह अपने पापा (रंजीत) और एक साथी के साथ घर से दुर्गा पूजा घूमने निकली थी। सबुज कल्याण संघ के पास दो बाइक पर सवार होकर चार की संख्या में युवक आये और पापा से बातचीत करने लगे। इसी बीच उनमें से एक ने उसे पकड़ लिया और अपने साथ ले जाने लगा। जब पापा उसके पीछे आये और ले जाने से मना किया, तो उन पर गोली चला दी। पुलिस के अनुसार रंजीत आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। रंजीत को पुलिस ने अप्रैल 2021 में परसुडीह से हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा वह कई मामलों में जेल में बंद था। 22 सितंबर को ही वह जेल से बाहर आया था। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार गणेश सिंह ने अमरनाथ सिंह गिरोह के सदस्य रंजीता सिंह उर्फ रंजीत सरदार की हत्या की है। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह घटना पंडाल में नहीं हुई है और नहीं इसका दुर्गा पूजा पंडाल से कोई संबंध है। रंजीत सिंह नाम का आदमी एक कुख्यात अपराधी था, जो 22 सितंबर को जेल से निकला था। घटना में शामिल अपराधकर्मी की पहचान हो गयी है। पुलिस उन अपराधियों को पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



