नोएडा: शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर जालसाजों ने नोएडा में महिला समेत दो लोगों से करीब 35 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फर्जी निवेश ऐप के जरिए पहले पीड़ितों का भरोसा जीता, ऐप पर लगातार मुनाफा दिखाया और बाद में बड़ी रकम निवेश करवाने के बाद निकासी पर रोक लगा दी। धोखाधड़ी का पता चलने पर दोनों पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

पहले मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी राहुल राजपूत ने बताया कि फरवरी 2025 में उन्हें व्हाट्सएप पर निवेश से जुड़ा एक संदेश मिला। खुद को निवेश विशेषज्ञ बताने वाले ठगों ने उन्हें एक लिंक भेजकर फर्जी ऐप डाउनलोड कराया। ऐप में लगातार लाभ दिखने के बाद राहुल ने अलग-अलग किस्तों में कुल 11 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो अतिरिक्त भुगतान की मांग की गई। पैसे देने से इनकार करने पर जालसाजों ने संपर्क समाप्त कर दिया।

दूसरा मामला सेक्टर-44 निवासी वर्णिक सिंह का है। उन्हें शेयर बाजार में ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर 24 लाख रुपये निवेश कराए गए। बाद में जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने बातचीत बंद कर दी, जिसके बाद उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और डिजिटल ट्रेल की जांच कर आरोपियों की पहचान में जुटी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बिना सत्यापन किसी भी निवेश लिंक या ऐप पर भरोसा न करें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version