धनबाद: धनबाद रेल मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे ने सख्त कार्रवाई की है। गुरुवार को मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और वहां से गुजरने वाली ट्रेनों में अचानक टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 713 यात्रियों को बिना वैध यात्रा टिकट के पकड़ा गया। रेलवे ने इन यात्रियों से कुल 6.16 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया।

औचक टिकट जांच अभियान के दौरान रेलवे के टिकट जांच कर्मियों के साथ सुरक्षा बल भी मौजूद रहे। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया। पकड़े गए सभी यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना वसूलने के साथ उन्हें भविष्य में वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की हिदायत दी गई।

रेल प्रशासन का कहना है कि बिना टिकट यात्रा करने से कुछ रुपये बचाने की कोशिश यात्रियों के लिए महंगी साबित हो सकती है। रेलवे नियमों के तहत प्रत्येक यात्री के पास यात्रा के दौरान वैध टिकट या अधिकृत यात्रा दस्तावेज होना आवश्यक है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ यात्रियों को असुविधा का भी सामना करना पड़ सकता है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित और वैध टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनधिकृत और बेटिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए इस तरह के औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और रेल व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version