बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। यह मुठभेड़ जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित घने जंगल और पहाड़ी इलाके में चल रही है, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सल विरोधी अभियान तेज कर रखा है। रुक-रुक कर हो रही फायरिंग से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि अभियान अभी जारी है, इसलिए फिलहाल मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां साझा नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में सक्रिय बचे हुए प्रमुख नक्सली कमांडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों को नेशनल पार्क क्षेत्र में अभियान पर भेजा गया था। इसी दौरान सुरक्षाबलों का सामना नक्सलियों की एक बड़ी टुकड़ी से हो गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
अनौपचारिक जानकारी के मुताबिक, इस मुठभेड़ में अब तक दो नक्सलियों के मारे जाने और मौके से एक एके-47 राइफल बरामद होने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों के शवों की बरामदगी और अन्य नक्सलियों की तलाश के प्रयास लगातार जारी हैं।

