आजाद सिपाही टीम
रांची/नयी दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना से जंग में जुटे 130 करोड़ हिंदुस्तानियों ने रविवार की रात नौ बजे उम्मीदों की रोशनी जला कर ‘हम एक हैं’ की हुंकार भरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देशवासियों ने अपने-अपने घरों के दरवाजों और बालकनियों पर दिया, मोमबत्ती, टॉर्च लाइट और मोबाइल की फ्लैश लाइट जला कर कोरोना के खिलाफ जंग जीतने का संकल्प जताया। कश्मीर से कन्याकुमारी और अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक हर घर से रात नौ बजे रोशनी निकली। इस दौरान लोगों ने घरों के भीतर की बिजली बंद कर दी थी, हालांकि स्ट्रीट लाइट और आवश्यक सेवाओं के लिए जरूरी लाइट जल रहे थे।
झारखंड में दिखा जबरदस्त उत्साह: कोरोना महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पिछले 11 दिन से लॉकडाउन में रह रहे देश के लोगों के साथ झारखंड के लोगों में भी इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह दिखा। राज्य के गांवों से लेकर कस्बों और शहरों में लोग नौ बजे से पहले ही दरवाजे पर खड़े होने लगे थे। जैसे ही घड़ी ने नौ बजाये, लोगों ने घरों की बिजली बंद कर दी और दरवाजे पर रोशनी की। कई मुहल्लों में भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का खास तौर पर ध्यान रखा, जैसा पीएम मोदी ने अपनी अपील में कहा था।
पीएम मोदी ने जताया लोगों का आभार: कोरोना के खिलाफ जंग में 130 करोड़ भारतीयों का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। आयोजन के बाद उन्होंने कहा कि देशवासियों ने जिस एकजुटता का परिचय दिया है, वह बेमिसाल है। लोगों ने जिल अनुशासन और संयम के साथ रोशनी जलायी, वह काबिले तारीफ है।
उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने घरों में रोशनी जलायी और बाद में लोगों को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



