आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें झामुमो, कांग्रेस से आये नेता और कार्यकर्ताओं का प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने स्वागत किया। पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के भाई और झामुमो दलित मोर्चा पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष बलदेव भुइयां के नेतृत्व में, छत्तरपुर विधानसभा क्षेत्र में झामुमो के प्रत्याशी रहे रवींद्र राजू और पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव गणेश शंकर विद्यार्थी सहित भुइयां समाज के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस मौके पर लातेहार जिला परिषद सदस्य सरोज देवी, भाजपा जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, सुबोध सिंह गुड्डू, मंटू चरण दत्ता समेत कई भाजपाई मौजूद थे। इस दौरान दीपक प्रकाश ने झामुमो को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि झामुमो, काग्रेस, राजद इन दलों से आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्गों का मोह भंग हो गया है। इस ठगबंधन सरकार ने लगातार जनता को छलने का काम किया है। झामुमो ने झारखंड के सपने को चकनाचूर किया है। उम्मीदी पर पानी फेरा है, झामुमो कार्यकर्ताओं ने खून पसीने से पार्टी को सींचा था, ताकि राज्यवासियों के सपने साकार हों, लेकिन सत्ता में आते ही यह पार्टी केवल परिवार की भलाई की चिंता करने लगी। परिवार हित के लिए हेमंत सरकार ने विश्व रिकार्ड बनाया है। मुख्यमंत्री खुद अपने नाम से लीज लेने लगे, पत्नी को औद्योगिक भूमि दे दी। भाई को खनन पट्टा दे दिया। अपने प्रतिनिधि को लूटने की छूट दे दी। दीपक प्रकाश ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं के त्याग परिश्रम से सरकार बनी, लेकिन सरकार में बाहरी और दलाल बिचौलिये शामिल हो गये। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। कार्यकर्ताओं की पीड़ा भाजपा ही दूर करेगी। भाजपा ने दलित, आदिवासी समाज को पूरा सम्मान दिया है। उन्होंने सभी से मोदी सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकार की नाकामियों को घर पर जाकर उजागर करने का आह्वान किया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद बलदेव भुइया सहित अन्य नेताओं ने कहा कि भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों, नीतियों और उनके देश के प्रति समर्पण भाव से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



