पूर्वी सिंहभूम। करणी सेना के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को भाजपा द्वारा आहूत बंद के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो सड़क पर उतरे और बंद का नेतृत्व किया। उन्होंने जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर समर्थकों के साथ दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद कराने की अपील की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पुलिस की मौजूदगी में भी हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या ने आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है, जबकि पुलिस प्रशासन अपराध पर नियंत्रण लगाने में असफल साबित हो रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि बंद को व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों का व्यापक समर्थन मिला, जो जनता के आक्रोश को दर्शाता है। सांसद ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराध पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भाजपा इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमशेदपुर के छह थाना क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके तहत किसी भी प्रकार के हिंसक प्रदर्शन, गैरकानूनी जमावड़े और हथियार लेकर चलने पर रोक लगाई गई है।

प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अब तक किसी भी प्रकार की हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध की अनुमति है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version