रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड को निर्बाध बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करें। इसके लिए सरकार हर व्यवस्था उपलब्ध करा रही है। अधिकारी इसे गंभीरता से लें। जिन जिलों में दो-तीन माह में बिजली नहीं सुधरेगी, वहां के अधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी। रांची में भी जो परेशानी है, उसे जल्द से जल्द ठीक करें। सरकार किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी। अधिकारी टाइमलाइन दें और पूरा ना कर सके, तो सीधी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही गांव की जनता जो 70 साल से बिजली की बाट जोह रही थी, उन तक बिजली पहुंचा दी गयी है। अब उन्हें अच्छी गुणवत्ता और 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत संरचना तैयार हो रहा है। सभी महाप्रबंधक इसमें ध्यान देकर काम पूर्ण करायें। मुख्यमंत्री झारखंड मंत्रालय में झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधकों के साथ राज्य में बिजली की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
गांव-गांव में स्ट्रीट लाइट लगायी जा रही
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गांव-गांव में स्ट्रीट लाइट लगायी जा रही है। इसके लिए जो भी मदद की जरूरत हो, उसमें भी महाप्रबंधक सक्रियता दिखायें। नये कनेक्शन दिये गये हैं। इस कारण लोड बढ़ा है। बाकी चीजों की जरूरत भी बढ़ी है।
मैनपावर सहित हर जरूरत पूरी होगी
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि निर्बाध बिजली पहुंचाने के लिए मैनपावर सहित जो भी जरूरत है उसकी सूची तैयार करें। तुरत कार्रवाई होगी। महाप्रबंधक इसके लिए तय समय में तैयारी करें। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सभी से टाइमलाइन बना कर काम पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, ऊर्जा सचिव वंदना डाडेल, निगम के प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

