रांची। त्योहारों के इस सीजन में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए उत्पाद विभाग ने अपनी कार्रवाई बेहद तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग की विशेष टीम ने इटकी थाना क्षेत्र के नारी गांव में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक चल रही मिनी फैक्ट्री का पदार्फाश किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है, साथ ही विभिन्न लोकप्रिय ब्रांडों के नकली रैपर, स्टीकर, कॉर्क और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण व पैकेजिंग सामग्री भी भारी मात्रा में जब्त की गई है। हालांकि, छापेमारी की भनक भनक लगते ही मौके पर मौजूद मुख्य आरोपी सुरेंद्र साहू और विजय साहू पुलिस व विभाग की टीम के पहुंचने से ठीक पहले मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। उत्पाद विभाग द्वारा दोनों फरार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह के स्पष्ट निदेर्शों के तहत की गई इस छापेमारी को उत्पाद विभाग की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री और जहरीली व नकली शराब के निर्माण पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग की ओर से राजधानी रांची और उसके आसपास के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
