रविवार को होटल में मिली थी युवती / लॉकडाउन का उल्लंघन कर होटल में हुई थी पार्टी / जमशेदपुर के कई व्यवसायी और बड़े संवेदक हुए थे शामिल
आजाद सिपाही संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है। होटल अलकोर में लॉकडाउन के दौरान चोरी-छिपे पार्टी करने और छापामारी में अवैध गतिविधियों के पकड़े जाने के बाद पूरे मामले को लेकर यह कार्रवाई की गयी है। बताते चलें कि रविवार को होटल से एक युवती को भी हिरासत में लिया गया था। विष्टुपुर थाना प्रभारी पर मोटी रकम लेकर मामले को रफादफा करने की कोशिश का आरोप है। एसएसपी अनूप बिरथरे ने होटल अलकोर मामले में आरोपियों को लाभ देने के आरोप में बिष्टुपुर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिंह को हटाते हुए रामकुमार वर्मा को नया थाना प्रभारी बनाया है। राजेश प्रकाश सिन्हा के खिलाफ विभागीय जांच के साथ कार्रवाई भी होगी।
होटल का स्पा खोल हो रही थी पार्टी
लॉकडाउन में चोरी-चुपके से स्पा संचालित करने के आरोप में होटल अलकोर में शनिवार को छापामारी की गयी थी। उसके बाद पुलिस ने रविवार को होटल को सील कर दिया। एसएसपी अनूप बिरथरे एवं सिटी एसपी सुभाषचंद्र जाट ने होटल पहुंच कर जांच की थी। सोमवार को होटल मालिक और मैनेजर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बता दें कि लॉकडाउन के दौरान होटल अलकोर में रासलीला मनाते कारोबारी लड्डू मंगोटिया समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। होटल के स्पा को खोलकर कारोबारी लड्डू मंगोटिया समेत कई लोग पार्टी में मना रहे थे। शराब भी चल रही थी। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें ठेकेदार राजेश मंगोटिया उर्फ लड्डू मंगोटिया, लोहा कारोबारी दीपक अग्रवाल और एक बिल्डर के रिश्तेदार रजत जग्गी शामिल थे। कुछ कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया गया था। बाद में पुलिस ने थाने से सभी को छोड़ दिया था। लॉकडाउन का उल्लंघन मामले में दंडाधिकारी सूरज कुमार के बयान पर अलकोर होटल के मालिक समेत पांच पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस को देखकर कुछ युवक-युवतियां भाग निकले थे।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
होटल मालिक राजीव दुग्गल, मैनेजर धनंजय कुमार, जुगसलाई निवासी राजेश मंगोतिया, मानगो निवासी दीपक अग्रवाल, सीतारामडेरा निवासी रजत जग्गी के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि लॉकडाउन में सभी होटल बंद हैं। बावजूद इसके होटल अलकोर में स्पा का अवैध ढंग से संचालन हो रहा था।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



