रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे राजधानी रांची समेत कई जिलों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है।
आसमान साफ होते ही बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद झारखंड में मौसम सामान्य होने की संभावना है। मंगलवार सुबह कई जिलों में कुहासा देखने को मिला। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने का अनुमान है। नवंबर के शेष दिनों में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
रांची के तापमान में आई गिरावट
सोमवार को राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री तक गिर सकता है। इससे सुबह और देर रात ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
कोहरे से हवाई यातायात भी प्रभावित
सोमवार को घने कोहरे के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान परिचालन प्रभावित हुआ। मुंबई, पुणे और पटना से आने वाली कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। कम दृश्यता के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों को धान की फसल जल्द काटने की सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय और मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने किसानों को पकी हुई धान की फसल जल्द काटने की सलाह दी है। कटाई के बाद फसल को दो से तीन दिनों तक खेत में सुखाने के बाद मड़ाई करने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भंडारण से पहले धान को अच्छी तरह सुखाना जरूरी है। अनाज में नमी की मात्रा करीब 12 प्रतिशत रखनी चाहिए। खेतों में फसल अवशेष जलाने के बजाय उन्हें मिट्टी में मिलाने की सलाह भी दी गई है।
फिलहाल बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल किसी नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में नवंबर के बाकी दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

