उडुपी (कर्नाटक): संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले एक व्यक्ति की शारजाह में बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो अलग-अलग बैगों में छुपा दिया था। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और सरकार से शव को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की गुहार लगा रहा है।

शारजाह एयरपोर्ट पर करते थे काम

मृतक की पहचान उडुपी जिले के कुंदापुर के रहने वाले अल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने मीडिया को जानकारी दी कि प्रकाश पिछले 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे और वे अपनी पत्नी टीना व बेटे के साथ वहीं रह रहे थे।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

परिजनों के मुताबिक, 26 जुलाई के बाद से प्रकाश से संपर्क टूट गया था। आमतौर पर वह वॉइस मैसेज से जवाब देते थे, लेकिन उस दौरान सिर्फ टेक्स्ट मैसेज आए और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।

  • जब परिजनों ने कंपनी से पूछताछ की, तो पहले उन्हें बताया गया कि प्रकाश भारत के लिए निकल चुके हैं।

  • हालांकि, भाई अनिल ने जब कंपनी के एचआर को बताया कि उनके भारत आने का कोई रिकॉर्ड नहीं है, तो पड़ताल में उनका पासपोर्ट कंपनी में ही मिला।

  • इसके बाद शारजाह में गुमशुदगी और फिर केस दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।

12 अगस्त को ओमान जाते समय एक कार की डिक्की में रखे दो बैगों से प्रकाश का शव बरामद हुआ, जिसे नौ टुकड़ों में काटा गया था। डीएनए मैच होने के बाद शव की पुष्टि हुई।

पत्नी और बेटा लापता, खाते से निकाले गए पैसे

मृतक के भाई अनिल ने बताया कि प्रकाश की पत्नी और बेटा भारत आ चुके हैं, लेकिन उनसे अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। साथ ही, प्रकाश के बैंक खाते से पैसे भी निकाले गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और दो अन्य लोग बैग के साथ कार में शव रखते हुए दिखाई दिए हैं।

मृतक के परिवार ने उडुपी के एसपी (SP) और सांसद कोटा श्रीनिवास पुजारी से मुलाकात कर शव को भारत लाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, उडुपी एसपी हरिराम शंकर ने बताया कि पुलिस अनौपचारिक रूप से दुबई काउंसलेट और इंटरपोल के संपर्क में है ताकि परिवार को कानूनी सहायता और आगे की जानकारी मिल सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version