खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के साथ सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, कर्रा रेलवे स्टेशन से तोरपा जाने वाली सड़क पर कॉलोनी के समीप तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पुलिया तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

स्कूटी दुर्घटना देखने सड़क पर पहुंचे थे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे घटनास्थल के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। दुर्घटना की आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के समीप कॉलोनी के कुछ लोग घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को रौंद दिया। हादसे में सात लोगों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान करमी लोहराइन (55), जसवंती देवी (40), अग्नि सांगा (35), सुभानी कुमारी (11), सोनी कुमारी (9), अंजली कुमारी (18) और कौशल्या देवी (40) के रूप में हुई है। वहीं, एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।

पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने चलाया राहत अभियान

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार भी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश की जा रही है।

मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

सात लोगों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को समुचित मुआवजा देने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

खूंटी के कर्रा में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version