अजय शर्मा
रांची। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में आयोजित तबलीगी जमात में शामिल होने गये झारखंड के लोगों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। बुधवार को राज्य के अलग-अलग इलाकों में मस्जिदों और अन्य स्थानों की तलाशी ली गयी। इस दौरान 196 लोगों को क्वारेंटाइन में भेजा गया। इनमें कुछ विदेशी भी हैं। ये सभी निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के कार्यक्रम से लौटे थे। इधर मंत्री हाजी हुसैन अंसारी को प्रशासन ने क्वारेंटाइन कर दिया है, जबकि उनके पुत्र को आइसोलेशन में भेजा गया है।
रांची में तलाशी के दौरान दिल्ली से लौटे 22 लोगों का पता लगाया गया। उन सभी को क्वारेंटाइन किया गया है। इसके अलावा बेड़ो से भी 10 मौलवी क्वारेंटाइन में भेजे गये हैं। झारखंड के धनबाद, पिठोरिया और गिरिडीह में भी मुसलिम धर्मगुरुओं को क्वारेंटाइन में भेजा गया है। डीजीपी एमवी राव के निर्देश पर अलग-अलग टीम दिल्ली से लौटे लोगों के बारे में सूचना एकत्र कर रही है। उन््होंने कहा कि राज्य में लॉकडाउन का पालन सख्ती से किया जा रहा है। आम लोग भी इसमें खूब सहयोग कर रहे हैं।
मंत्री क्वारेंटाइन, पुत्र आइसोलेशन में
इस बीच मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के बेटे को प्रशासन ने आइसोलेशन में भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार वह भी निजामुद्दीन मरकज के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। मंत्री को भी क्वारेंटाइन में रहने को कहा गया है।
कहां से कितने लोगों को निकाला गया
जानकारी के अनुसार पिठोरिया के कोकदोरो गांव में रह रहे 10 नेपाली नागरिकों को क्वारेंटाइन में भेजा गया है। ये सभी जमात के लिए उसी इलाके की विभिन्न मस्जिदों में दीन की तालीम देते हैं। रांची के ही बेड़ो में ग्राम केसा से 11 लोगों को क्वारेंटाइन में भेजा गया है। ये सभी निजामुद्दीन मरकज में भाग लेने गये थे। उधर धनबाद के निरसा से 13, वासेपुर से 13 और गोविंदपुर से 11 लोगों को जांच के लिए भेजा गया है। निजामुद्दीन में धार्मिक जलसा में ये लोग भी शामिल हुए बताये जाते हैं। निरसा के पंडरा गांव स्थित एक मसजिद से 13 धर्मगुरुओं को निकाला गया। ये सभी उत्तरप्रदेश के रहनेवाले हैं। वासेपुर से सटे पांडरपाला से 13 लोगों को बाहर निकाला गया। वहीं गोविंदपुर से 11 मलेशियाई लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें नौ इंडोनेशिया और दो महाराष्ट के हैं। गढ़वा में एक और सिमडेगा में नौ लोगों का पता लगा है, जो निजामुद्दीन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इन सभी को क्वारेंटाइन किया गया है।
हिंदपीढ़ी में 70 लोगों की पहचान
इधर, रांची में मलेशिया की एक युवती के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद हिंदपीढ़ी इलाके में लगाया गया बेमियादी कर्फ्यू दूसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस एक-एक व्यक्ति की तलाश कर रही है, जो उस महिला के संपर्क में आये थे। दो दिन पहले विदेशी पति-पत्नी सहित 24 लोगों को हिंदपीढ़ी के अलग-अलग इलाकों से क्वारेंटाइन में भेजा गया था। एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि अब तक 70 लोगों के बारे में पता चल गया है कि वे विदेशी महिला के संपर्क में आये थे। इन सबों को क्वारेंटाइन में भेज दिया गया है। पूरे इलाके को सील कर पुलिस द्वारा बनायी गयी दस अलग-अलग टीमें सूचनाएं एकत्र कर रही हैं। विदेशी महिला के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जलसा में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है, क्योंकि उसमें शामिल अधिकांश लोग संक्रमित पाये गये हैं। एसएसपी ने बताया कि जल्द ही सभी का पता चल जायेगा।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



