रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मुलाकात की। इरफान अंसारी ने इस मुलाकात को औपचारिक भेंट नहीं, बल्कि छोटे भाई की अपने बड़े भाई से भावनाओं से भरी आत्मीय मुलाकात बताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक तंज भी कसा। उन्होंने लिखा, “कुछ लोग अफवाहें फैलाकर जनता को भटकाने की कोशिश करते हैं, लेकिन सच्चाई यही है कि हमारी विचारधारा एक है, हमारा लक्ष्य एक है। राहुल गांधी और हेमंत सोरेन दोनों ही जनहित, न्याय और विकास की राह पर चलने वाले नेता हैं, जो एक-दूसरे के पूरक हैं और देश-प्रदेश को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

सीएम हेमंत के नेतृत्व में ही लड़ेंगे अगला चुनाव
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि कई दिनों बाद जब अपनों से मिलना होता है, तो शब्द अक्सर कम पड़ जाते हैं और जज्बात खुद ही सब कुछ बयां कर देते हैं। लगभग 15 दिनों के बाद आज भाई से मिलकर मन को सुकून मिला। उनके हाल-चाल जाना, स्वास्थ्य की जानकारी ली और यह जानकर बेहद खुशी हुई कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और पहले की तरह ही दृढ़ता और संकल्प के साथ राज्य के विकास में जुटे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारा रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह और आत्मीयता की मजबूत डोर से बंधा हुआ है। पहले भी हमने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा है और आने वाले समय में भी उन्हीं के नेतृत्व में हम मजबूती से आगे बढ़ेंगे और फिर से सरकार बनाएंगे यह हमारा अटूट संकल्प है।

उन्होंने आगे कहा कि वे अपने बड़े भाई हेमंत सोरेन के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़े हैं। यह रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि दिल से दिल का रिश्ता है एक छोटे भाई का अपने बड़े भाई के प्रति अटूट प्रेम, विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। उनसे मिलकर एक नई ऊर्जा, नई शक्ति और नया उत्साह प्राप्त हुआ। उसी ऊर्जा के साथ अब वे अपने क्षेत्र की सेवा और विकास के लिए फिर से निकल पड़े हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version