रांची। भाजपा की झारखंड प्रदेश इकाई में नयी कार्यसमिति के गठन को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गयी है। नवंबर के पहले सप्ताह में भाजपा की नयी प्रदेश कार्यसमिति का गठन होने की संभावना है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 28 अक्टूबर को संकल्प यात्रा खत्म करने के बाद अपनी नयी टीम की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक नयी कार्यसमिति में शामिल किये जानेवाले नेताओं की लिस्ट लगभग तैयार है। थोड़ा-बहुत बदलाव के बाद बाबूलाल मरांडी की सहमति के बाद नयी कार्यसमिति की घोषणा हो जायेगी। नयी कार्यसमिति में अधिकांश नये चेहरों को मौका मिलने की संभावना है। कई जिला अध्यक्षों के बदले जाने की भी चर्चा जोरों पर है। भाजपा ने जुलाई महीने में बाबूलाल मरांडी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, लेकिन चार महीने बाद भी उन्होंने अपनी नयी टीम की घोषणा नहीं की है। श्री मरांडी पार्टी की कमान संभालने के बाद अगस्त से ही संकल्प यात्रा में निकल गये। उनकी व्यस्तता के कारण नयी कार्यसमिति का गठन नहीं हो पाया है। 28 के बाद वह अपनी यात्रा से फ्री होकर सांगठनिक कार्यों और संगठन को दुरुस्त करने में अपनी ऊर्जा लगायेंगे। इस बीच वह छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में होनेवाले चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करने भी जायेंगे। केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें चुनाव में स्टार प्रचारक बनाया है। फिलहाल भाजपा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की बनायी हुई कार्यसमिति काम कर रही है। जुलाई 2020 में प्रदेश महामंत्री, मंत्री, उपाध्यक्ष, प्रवक्ता समेत अन्य पदों पर करीब 40 पदाधिकारियों के नाम की आधिकारिक घोषणा हुई थी, लेकिन कार्यसमिति सदस्यों की कोई लिस्ट जारी नहीं की गयी थी। दीपक प्रकाश का कार्यकाल खत्म होने के बाद पूर्व की कार्यसमिति अभी तक एक्सटेंशन पर चल रही है। माना जा रहा है कि नयी कार्यसमिति में जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी भागीदारी को तरजीह दी जायेगी। वहीं जेवीएम के विलय के बाद उसके कई नेताओं को जगह नहीं मिलने से उनमें नाराजगी है। इस नाराजगी को भी पाटना एक चुनौती है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



