रांची। झारखंड में आसन्न लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान अगले सप्ताह से जोर पकड़ेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी रैलियां आयोजित होंगी। इन दोनों नेताओं के कार्यक्रमों के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गयी हैं।
दो दिन के दौरे पर आयेंगे पीएम मोदी
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 मई को दो दिवसीय यात्रा पर झारखंड पहुंचेंगे। इस दौरान वह सिंहभूम, पलामू और लोहरदगा संसदीय क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी 3 मई को सीधे चाइबासा पहुंचेंगे और सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के समर्थन में तीसरे पहर तीन बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां से रात्रि विश्राम के लिए वह रांची आयेंगे। इसके बाद 4 मई को सुबह वह पलामू संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विष्णु दयाल राम के समर्थन में डालटनगंज में सभा को संबोधित करेंगे। पीएम की सभा सुबह साढ़े नौ बजे से चियांकी हवाई अड्डा के पास मैदान में होगी। इसके बाद पीएम मोदी वहां से लोहरदगा जायेंगे, जहां भाजपा प्रत्याशी समीर उरांव के समर्थन में दिन में 12.30 बजे सिसई में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी भी बसिया आयेंगे
उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी झारखंड दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वह 3 या 5 मई को झारखंड आ सकते हैं। वह लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के बसिया में प्रस्तावित एक चुनावी सभा में पहुंचेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। यह चुनावी रैली लोहरदगा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव भगत के पक्ष में आयोजित की जा रही है।
चुनावी रैलियों की तैयारी शुरू
झारखंड के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी रैलियों की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। भाजपा और कांग्रेस की स्थानीय इकाइयों के नेताओं ने दावा किया है कि शीर्ष नेताओं की चुनावी रैलियां इतिहास कायम करेंगी। नेताओं ने सभा स्थल का दौरा भी शुरू कर दिया है।
13 मई को मतदान
झारखंड की 14 में से चार संसदीय सीटों, पलामू, सिंहभूम, लोहरदगा और खूंटी में 13 मई को मतदान होना है। इनमें पलामू अनुसूचित जाति के लिए और बाकी तीन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इन चार संसदीय सीटों के लिए दाखिल 65 नामांकन में से 18 नामांकन रद्द हो गये हैं। सिंहभूम में सात, लोहरदगा में दो और खूंटी में सर्वाधिक नौ नामांकन रद्द किये गये हैं, जबकि पलामू में सभी 11 नामांकन सही पाये गये। इस तरह इन चार सीटों से अब चुनाव मैदान में 47 प्रत्याशी हैं, जिसमें सिंहभूम में 14, लोहरदगा में 15, खूंटी में सात और पलामू में 11 प्रत्याशी बचे हैं।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



