-पांच दिवसीय प्रेस टूर टू केरलम शुरू
रांची। प्रेस टूर टू केरलम के अंतर्गत रविवार को झारखंड के 12 मीडियाकर्मियों का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल केरल के लिए रवाना हुआ। यह पांच दिवसीय दौरा 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसके आयोजन और समन्वय अधिकारी क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर और प्रिंस कुमार हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य झारखंड के पत्रकारों को केरल में स्थित भारत सरकार के विभिन्न संस्थानों और लोक उपक्रमों का दौरा कराने के साथ-साथ वहां के उन्नत बुनियादी ढांचे, पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों और राष्ट्रीय महत्व के वैज्ञानिक संस्थानों की कार्यप्रणाली को जमीनी स्तर पर समझना है। दौरे की शुरूआत 31 अगस्त को कोच्चि शहर से होगी, जहां यह प्रतिनिधिमंडल भारत की पहली आधुनिक कोच्चि वाटर मेट्रो परिवहन प्रणाली का अवलोकन करेगा। इसके अतिरिक्त, यह दल बहुसांस्कृतिक इतिहास समेटे फोर्ट कोच्चि और मसालों के व्यापार के प्राचीन केंद्र मट्टनचेरी के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी करेगा। इसके अगले चरण में 1 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल कोट्टायम स्थित रबर बोर्ड के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचेगा, जहां वे केरल की रबर अर्थव्यवस्था की बारीकियों को समझेंगे। इसके बाद कुमारकोम में वेंबनाड झील पर विकसित पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन मॉडल का अध्ययन किया जायेगा। तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बाद 2 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल पत्र सूचना कार्यालय (पीआइबी) के अतिरिक्त महानिदेशक और केरल के राज्यपाल से औपचारिक मुलाकात करेगा, तथा इसी दिन दल ऐतिहासिक पद्मनाभस्वामी मंदिर के दर्शन भी करेगा। यात्रा के अगले क्रम में 3 सितंबर को यह प्रतिनिधिमंडल सीएसआइआर-एनआइआइएसटी और एससीटीआइएमएसटी जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों का दौरा करेगा, जिससे चिकित्सा, शोध और तकनीकी क्षेत्रों में केरल द्वारा हासिल की गयी प्रगति को करीब से समझा जा सके।
इस पांच दिवसीय दौरे के अंतिम दिन यानी 4 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल बहुचर्चित विझिंजम प्राकृतिक गहरे पानी वाले बंदरगाह का अवलोकन करेगा। इसके साथ ही दल विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा करेगा, जिससे पत्रकारों को देश के आधुनिक बंदरगाहों और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों को गहराई से जानने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।

