गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार थाना क्षेत्र स्थित बड़ा चौक के पास ‘होटल डिस्कवरी’ पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी के बाद होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।

मंगलवार रात करीब 10 बजे दंडाधिकारी अभिषेक कुमार की मौजूदगी में शुरू हुई यह कार्रवाई लगभग दो घंटे तक चली। इस दौरान होटल के एक कमरे से दो युवकों और दो युवतियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, कमरे से कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इस होटल में लंबे समय से देह व्यापार जैसी गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले भी होटल पर दो बार कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन सुधार न होने पर यह सख्त कदम उठाया गया।

फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ कर रही है और होटल के रजिस्टर व अन्य दस्तावेजों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version