पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी समर्थित 5 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। रविवार को जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया।
पार्टी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दिव्या ज्योति, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रवीन्द्र यादव, सारण शिक्षक क्षेत्र से आफाक अहमद और कोसी स्नातक क्षेत्र से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है। बाकी तिरहुत शिक्षक और स्नातक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवारों की घोषणा अगले तीन-चार दिनों में करने की बात कही है।
शिक्षकों की स्थिति तब सुधरेगी जब बिहार में शिक्षा की स्थिति सुधरेगी : प्रशांत किशोर
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने शिक्षकों को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई पिछले कई सालों से व्यवस्था के साथ चल रही है। चाहे TRE के परीक्षा का मामला हो, वेतन मान का मामला हो, गैर शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की संलिप्तता का मामला हो, वित्त रहित-वित्त पोषित संस्थाओं की जो कुव्यवस्था हो उसको लेकर लंबे समय से मांग उठती रही है। शिक्षक समुदाय की जन सुराज से अपेक्षा है कि उनकी जायज मांगों या उनके आंदोलन की मदद के लिए खड़ा हो। शिक्षक समुदाय खुद कई संघों में बंटा है। कोई नियोजित शिक्षक, विद्यालय शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, तो कोई वित्त रहित शिक्षक हैं, सबने अपना-अपना संगठन बना रखा है।
प्रशांत किशोर ने कहा, “हम लोगों की एक सोच है कि शिक्षकों की स्थिति तब सुधरेगी जब बिहार में शिक्षा की स्थिति सुधरेगी।” इस दौरान कई शिक्षकों से मुलाकात और बात के बाद ये तय किया है कि सभी शिक्षक संगठनों को एक साथ लाकर संघर्ष समिति बनाई जाएगी और उनकी जो 3 प्रमुख मांगें हैं, जिसे जन सुराज आने वाले 2-3 साल तक शिक्षक साथियों के साथ मिलकर काम करेगा।
प्रशांत किशोर ने इन तीन प्रमुख मांगों को पूरा करने का किया ऐलान
-
पहली मांग: 7वां वेतनामान लागू कराना।
-
दूसरी मांग: वित्त रहित, वित्त पोषित शिक्षकों को शिक्षकों की श्रेणी में समायोजित करना।
-
तीसरी मांग: शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाने पर उसके मानक तय किए जाएं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह तीन मांग शिक्षकों की मांग नहीं, जन सुराज की मांग होगी। जन सुराज उनकी लड़ाई लड़ेगा। हर हाल में लोकसभा चुनाव से पहले इन तीनों मांगों को सरकार से मनाकर आपको दिया जाएगा।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 10-10 हजार नौकरी का वादा
प्रशांत किशोर ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए ऐलान करते हुए कहा कि मैं अपने पढ़े-लिखे सभी स्नातक मतदाताओं से अपील कर रहा हूं कि स्नातक के जो विधान परिषद के चुनाव हो रहे हैं, आप पढ़े-लिखे हैं। अगर आपके स्नातक क्षेत्र से जन सुराज का प्रत्याशी जीतकर विधान परिषद पहुंचता है, तो मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि जो घोषणा मैंने बांकीपुर के पढ़े-लिखे बेरोजगार मतदाताओं के लिए 10 हजार नौकरी देने की बात कही है, उसके तहत हर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी 10-10 हजार बेरोजगार युवकों को नौकरी दी जाएगी। नौकरी दिलाने की जिम्मेदारी जन सुराज, जीते हुए प्रत्याशी और मेरी होगी।



