रांची। राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दूध देने गए एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामू के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह दूध लेकर डेयरी केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रामू दूध बेचने का काम करते थे और प्रतिदिन पीको गांव स्थित डेयरी केंद्र में दूध पहुंचाते थे। गुरुवार देर रात भी वह दूध लेकर केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने बताया कि गुरुवार देर रात रामू दूध पहुंचाने के लिए डेयरी केंद्र गए थे। इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।

तीन आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version