-रक्तदाताओं और दो सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी किया सम्मानित, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बरवाडीह। अगर मन में सेवा का जज्बा हो तो छोटी-सी बचत भी किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। इसका उदाहरण सीआरपी शशिकांत मंडल पेश कर रहे हैं। वे पिछले 19 वर्षों से प्रतिदिन 70 रुपये स्वयं बचाकर समाजसेवा के कार्यों में खर्च कर रहे हैं। इसी क्रम में परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, बरवाडीह में कार्यक्रम आयोजित कर 40 दिव्यांगजनों, रक्तदाताओं और दो सेवानिवृत्त शिक्षकों के बीच गर्म वस्त्र व अंगवस्त्र वितरित किए गए।कार्यक्रम में बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, एसडीपीओ वीरेंद्र राम, जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी, उप प्रमुख वीरेंद्र जायसवाल, रविंद्र राम और झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शशिभूषण तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने अतिथियों का पुष्पवर्षा और तिलक लगाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर शशिकांत मंडल ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। प्रतिदिन थोड़ी-थोड़ी राशि बचाकर किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाने से उन्हें आत्मसंतुष्टि मिलती है। उनका प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति मदद और सम्मान से वंचित न रहे।मौके पर कन्या विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद प्रसाद, विनोद कुमार, लेखापाल राम प्रसाद, शिक्षिका स्वेता कुमारी, अल्मा मिंज, प्रह्लाद सेठ और रोहित रंजन समेत कई लोग उपस्थित थे।


