आदित्यपुर: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा का प्राण संगठन में है। इसके प्रमुख तत्व कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ता ही पाटी की रीढ़ हैं। इस कारण अहंकार को त्याग कर संगठन को सशक्त बनाने पर ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सिंचाई योजना जल्द शुरू होने वाली है इसके लिए झारखंड सरकार ने 17 जिलों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट भेजी है। नयी योजना लागू होने के बाद किसान को अब मानसून का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच हर खेत को पानी, हर हाथ को काम… को लक्ष्य मानकर ही सरकार काम कर रही है। सीएम ने कहा कि इन्वेस्टर समिट के पहले हमें बहुत काम करना है। उन्होंने कहा कि विकास की किरण को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका लक्ष्य है। सीएम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मिसाल पेश कर सकते हैं। उदाहरण देते हुए कहा कि कार्यसमिति की बैठक में जामताड़ा की जिलाध्यक्ष सुखमनी ने सोहराय पर्व की महत्ता की ओर ध्यान दिलाते हुए इस दिन सरकारी अवकाश घोषित करने की बात कही थी। तुरंत ही मैंने मुख्य सचिव से बात की और बुधवार को सरकार ने सोहराय पर्व को लेकर सरकारी अवकाश होने की अधिसूचना जारी कर दी। यह सरकार की गतिशीलता को दर्शा रहा है। सीएम ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास ही लक्ष्य है। हमने ठाना है कि राज्य से गरीबी मिटा कर रहेंगे।