रांची: नामकुम थाना क्षेत्र स्थित खिजरी मोड़ के पास जमीन विवाद में बुधवार को एक व्यक्ति को गोली मारी गयी है। जमीन कारोबारी मदन साहू भाई सुमन राम के साथ घर जा रहे थे, तभी खिजरी मोड़ के पास यामहा एफजेड पर पीछे से आये डोरंडा निवासी अरुण व एक अन्य युवक ने मदन को गोली मार दी। गोली मदन के कंधे में फंस गयी। घटना स्थल पर मदन का भाई सुमन भी मौजूद था। गोली मारने के बाद भाग रहे दोनों अपरोपियों को मदन के भाई ने काफी दूर तक खदेड़ा भी, लेकिन दोनों फरार हो गये। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मदन को रिम्स में भर्ती करवा दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में मदन का बयान लिया है।
घटना के बाद पुलिस ने छापामारी शुरू कर दिया है। मदन ने पुलिस पुलिस को बताया कि जमीन के मालिक ब्रजेश के कहने पर मुझे गोली मारी गयी है। अरुण पूर्व के कई मामलो में फरार चल रहा है। दोनों पक्षों में पूर्व से एक जमीन को लेकर विवाद था। जमीन ब्रजेश की थी। ब्रजेश ने जमीन का एग्रीमेंट मदन से किया था लेकिन बाद में पूरे कागजात अरुण के पास पाये गये थे। उक्त जमीन के मामले में मदन और ब्रजेश ने केस भी कर रखा था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि पूरा मामला जमीन के कारोबार से जुड़ा है।
दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।