पाकिस्तान में एक महिला ने अपने बेवफा पति को सबक सिखाने के लिए गुंडों से पिटवा दिया। महिला को इस बात का शक था कि उसके पति के संबंध किसी अन्य महिला से हैं।
लुबना कमर रजा नाम की महिला को पुलिस ने इस संबंध में गिरफ्तार किया है। इस बात का शक है कि महिला का पति (रजा कमर इकबाल) उसे धोखा दे रहा था क्योंकि महिला के लगातार विरोध के बावजूद भी पति रात में देर से घर आता था।
लुबना ने इस बात का जिक्र अपनी दोस्त कोसर के साथ किया, जिसने उसे बताया कि पेशावर में रहनेवाला उसका पति इकबाल को पिटवाने के लिए गुंडों का इंतजाम कर सकता है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, महिला ने अपने पति को सबक सिखाने के लिए गुंडों को पांच लाख रुपये दिए थे।
भाड़े के गुंडों ने इस्लामाबाद पहुंचकर 15 अक्तूबर को लुबना के घर जाकर उसके पति की जम कर पिटाई कर दी। लुबना ने ही गुंडों को घर के मुख्य दरवाजे की चाबी भी दी थी। इसके आलावा उसने गुंडों को इस काम के लिए पांच लाख रुपये की रकम दी थी।
इस योजना पर से पर्दा उस समय हट गया जब इकबाल को पीटकर जा रहे गुंडों का सामना घर के उपरी हिस्से में रहनेवाले परिवार के अन्य सदस्य से हो गया। योजना का भेद खुल जाने के डर से गुंडों ने घर के एक व्यक्ति पर गोली चलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह मामला तत्काल पुलिस में दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के बाद लुबना को गिरफ्तार किया।