रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नयी दिल्ली में केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनसे एसआरटीएमआइ का मुख्यालय रांची में खोलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रचुर मात्रा में खनिज संपदा उपलब्ध है। इस संस्थान के रांची में खुलने से झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ को भी लाभ मिलेगा।
केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही एसआरटीएमआइ का मुख्यालय रांची में खुलेगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्टील मंत्री से यह आग्रह किया कि स्थानीय उद्योग में और आम आदमी को स्टील न्यायोचित दर पर मिल सके, इसके लिए पहल की जाये। केंद्रीय स्टील मंत्री ने कहा कि 19 तारीख को इस्पात सचिव की अध्यक्षता में बोकारो स्टील सिटी में बैठक होगी, जिसमें इस विषय पर निर्णय लिया जायेगा। साथ ही, बीएसएल क्षेत्र में लंबे समय से रह रहे लोगों के नियमितीकरण के संबंध में शीघ्र निर्णय लिये जाने पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय इस्पात मंत्री से आग्रह किया।
केंद्रीय इस्पात मंत्री ने कहा कि स्टील सेक्रेट्री जल्द ही रांची जायेंगे और लोकहित में निर्णय लिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोकारो स्टील की आवश्यकता पर आधारित स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्तर पर क्रय को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। इस विषय पर केंद्रीय इस्पात मंत्री ने कहा कि 19 तारीख को बोकारो में केंद्रीय इस्पात सचिव की बैठक में स्थानीय क्रय को बढ़ावा दिये जाने की संभावनाओं पर विचार किया जायेगा।
चतरा में स्टील प्लांट लगाये जाने पर केंद्रीय इस्पात मंत्री को मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्टील प्लांट के लिए आयरन अयस्क ब्लॉक के आवंटन पर जल्द से जल्द निर्णय लेगी, ताकि चतरा में स्टील प्लांट जल्द बन सके। बैठक में केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरेंद्र सिंह, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री विष्णु देव सोई, सांसद महेश पोद्दार, उद्योग सचिव के रवि कुमार, मुख्यमंत्री के निजी सचिव केपी बलियान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।