रांची। बरियातू थाना क्षेत्र के न्यू मोरहाबादी एरिया में एक ही परिवार के दो बच्चों की दम घुटने से मौत हो गयी। वहीं, उनके माता-पिता की स्थिति गंभीर है। उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घर में कोयले का चूल्हा जल रहा था और सभी परिजन कमरा बंद कर सो रहे थे। इसी बीच दोनों बच्चों की मौत हो गयी। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है।
चूल्हे पर उबाला था आलू
पुलिस के अनुसार, सुभाष मोरहाबादी में समोसा बेच कर अपने परिवार का पोषण करता था। वह अपने दो बेटे विक्रम (7), पप्पू (13), दो बेटियां और पत्नी कमला देवी के साथ रहता था। सुभाष ने कोयले के चूल्हे पर शुक्रवार की सुबह आलू उबाला था। रात तक चूल्हे में आग थी, जिसे बिना बुझाये ही परिजन घर के अंदर सो गये थे।
सुभाष ने खोला घर का दरवाजा
सुबह करीब चार बजे सुभाष की नींद खुली पर वह पुन: सो गया। सुबह आसपास रहने वाले अन्य किरायेदारों ने सात बजे उन्हें जगाने की कोशिश की, पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके करीब दो घंटे बाद भी जब सुभाष के घर कोई बाहर नहीं निकला, तो एक महिला ने जोर-जोर से उनका दरवाजा खटखटाया। इसके बाद सुभाष की नींद खुली और उसने दरवाजा खोला। जब उसने कमला और बच्चों को जगाने का प्रयास किया तो दोनों का शरीर अकड़ा मिला।
दोनों बच्चों की रात में ही हो गयी थी मौत
सुभाष ने फौरन अपने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी और सभी रिम्स पहुंचे। यहां डॉक्टर्स ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष और कमला की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। माना जा रहा है कि बच्चों की मौत रात में ही हो गयी थी। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।