रांची। झारखंड में सक्रिय शीर्ष नक्सली नेताओं की तस्वीरें सामने आयी हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पहली बार वैसे नक्सली नेताओं की तस्वीरों को सार्वजनिक किया है, जो अब तक पर्दे के पीछे रहकर नक्सली वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। नक्सलियों के सबसे सुरक्षित ठिकाने बूढ़ा पहाड़ पर कब्जे के लिए झारखंड पुलिस ने 30 शीर्ष नक्सली नेताओं की तस्वीर जारी की है। पुलिस ने बूढ़ा पहाड़ और मध्य जोन में सक्रिय 30 शीर्ष माओवादियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ पुलिस ने पोस्टर वार शुरू किया है।
लोगों से मांगी उग्रवादियों की संपत्ति की जानकारी
राज्य पुलिस मुख्यालय ने फरार उग्रवादियों की संपत्ति की जानकारी भी आमलोगों से मांगी है। इसके लिए बूढ़ा पहाड़ के अति नक्सल प्रभावित कबरी, कोटाम, बारीबंध, डाडीछापर, साल्वे, हेनार, हेन्देहास गांव में पर्चे चिपकाये गये हैं। पर्चे में हार्डकोर नक्सली सुधाकरन रेड्डी और उसके दस्ते में शामिल इनामी नक्सलियों को पकड़वाने में पुलिस का सहयोग करने और उसके बारे में कोई भी जानकारी होने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गयी है।
किस नक्सली पर कितना है इनाम
सुधाकरन की पत्नी नीलिमा उर्फ अरुणा, बिरसाई, उमेश यादव उर्फ विमल पर 25-25 लाख रुपये का इनाम है। वहीं बुद्धेश्वर उरांव, छोटू सिंह खेरवार, सर्वजीत यादव पर 15-15 लाख रुपये का इनाम है। जबकि भवानी उर्फ सुजाता, रविंद्र गंझू, बलराम उरांव, भूषण यादव, मिथुन पर 10-10 लाख रुपये का इनाम पुलिस ने रखा है।