रांची। झारखंड विधानसभा में सोमवार को बांग्लादेशी घुसपैठ का मामला गूंजा। इस मामले में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अब तक दो बार एनआरसी अपडेट के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेज चुकी है। अब एक बार फिर केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिमाइंडर भेजा जायेगा। दरअसल, यह मामला मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक अनंत ओझा ने उठाया था।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण संथाल परगना के साहेबगंज, गोड्डा और पाकुड़ जिले का सामाजिक और आर्थिक संतुलन बिगड़ रहा है। जनसंख्या का संतुलन बिगड़ गया है। अपराध बढ़ रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ घुसपैठिये उठा रहे हैं, जिससे सरकार और आम जनता दोनों को नुकसान हो रहा है। इसके लिए राज्य सरकार जल्द से जल्द एनआरसी अपग्रेडेशन की प्रक्रिया शुरू करे। इसी बीच इस मामले में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने टोकाटोकी शुरू कर दी।
इस पर भाजपा विधायक अनंत ओझा हत्थे से उखड़ गये। कहा कि मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों की बात कर रहा हूं। अपको मिर्ची क्यों लग रही है। इस पर स्पीकर डॉ दिनेश उरांव ने मामला शांत कराया। तब सीएम रघुवर दास ने जवाब दिया कि सरकार इस मामले में सजग है। 2017 में केंद्र सरकार को राज्य सरकार की तरफ से एनआरसी अपग्रेडेशन के लिए पत्र भेजकर आग्रह किया गया था। पुन: 2018 में केंद्रीय गृह मंत्रालय और महानिबंधक को अग्रेतर कार्रवाई के लिए लिखा गया। सीएम ने कहा कि अब पुन: गृह मंत्रालय को रिमाइंडर भेजा जायेगा। (पेज 2 भी देखें)