रांची। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरे राज्य में उनके आदर्शों और उनके विचारों को याद किया गया। राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित गांधी वाटिका में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनायी गयी। मौके पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अहिंसा परमो धर्म: का संदेश दिया है। नये भारत का सपना उन्होंने दिखाया था, जिसको पूरा करना हम सभी भारतीय का धर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। स्वच्छ भारत की परिकल्पना को साकार करने की कोशिश लगातार जारी है। 2022 तक ऐसा भारत होगा, जहां ना कोई गरीब होगा और ना कोई शोषित वंचित रहेगा।

बच्चों संग सेल्फी भी खिंचवायी सीएम ने : पुण्यतिथि के मौके पर गांधी वाटिका में मुख्यमंत्री रघुवर दास बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाते नजर आये। छोटे-छोटे बच्चों ने अपने हाथों में गुलाब का फूल लेकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, टाना भगत और स्कूली बच्चे भी मौजूद थे।

बापू के रांची आगमन के 100 साल पूरे
रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर उन्हें नमन कर याद किया गया। बापू का रांची से भी नाता रहा है। गांधीजी के रांची आगमन के 100 वर्ष बुधवार को पूरे हुए। इसलिए भी यह अवसर खास हो गया। उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर रांची में कई जगह कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।

किसी भी हद तक गिर सकते हैं राहुल गांधी: रघुवर दास
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। गोवा के सीएम पर्रिकर से मुलाकात के बाद राहुल गांधी द्वारा दिये गये बयान पर रघुवर दास ने ट्वीट किया। कहा कि राहुल गांधी ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए झूठ बोलने को अपना पेशा बना लिया है। उन्होंने कहा है कि झूठी और गंदी राजनीति करते हुए कांग्रेस और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी किसी भी हद तक गिर सकते हैं।

सीएम ने अपने ट्वीट में लिखा-शर्मनाक। एक बार फिर साबित हो गया कि झूठी और गंदी राजनीति करते हुए कांग्रेस और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी किसी भी हद तक गिर सकते हैं। झूठ बोलना इनका पेशा है। हमेशा देश की जनता से झूठ बोलते रहे हैं, भला गंदी राजनीति करने और झूठ बोलने की कांग्रेस और राहुल गांधी की ये आदत कैसे जायेगी?

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version