रांची। विधानसभा में शुक्रवार को भोजनावकाश के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। सत्ताधारी दल के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव सदन में पेश किया। चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में 24 जनवरी को कोल्हान से मुख्यमंत्री सुकन्या योजना शुरू होगी।  उन्होंने कहा कि बेटी अभिशाप नहीं, वरदान है। इस नारे के साथ सरकार इस योजना की शुरुआत करने जा रही है। बेटी के जन्म से लेकर उसकी शादी पर सरकार सहयोग करेगी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना को आगे बढ़ाते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 तक किसानों की आय को चौगुना करना है। मई महीने तक कृषि के लिए अलग फीडर का निर्माण करा दिया जायेगा। इस फीडर से किसानों को मुफ्त में छह घंटे बिजली दी जायेगी।

सरकार ने किसानों की फसल बीमा योजना के प्रीमियम को पूरा माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार किसानों को कर्ज देकर कर्जदार बना रही थी। मोदी सरकार किसानों को उनके पैरों पर खड़ा कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत एक से पांच एकड़ तक खेती के लिए सरकार प्रति एकड़ किसानों को पांच हजार रुपये देगी। किसानों को यह राशि डीबीटी के जरिये मिलेगी।

देशतोड़क शक्तियों को कुचलकर रहेगी हमारी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्थलगड़ी के नाम पर संविधान विरोधी कार्य किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पत्थलगड़ी हमारी झारखंड की संस्कृति है। इससे सरकार को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन इसके नाम पर संविधान विरोधी काम को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कितनी भी बड़ी हस्ती हो, उस पर कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी। कहा कि खूंटी में 23 कांड दर्ज हुए हैं। 250 अभियुक्त नामजद हैं। 36 को गिरफ्तार किया गया है।

सीएम ने कहा कि किसी निर्दोष के साथ हमारी सरकार की तरफ से गलत नहीं होगा। लेकिन दोषी  किसी कीमत पर छूटेगा भी नहीं। सीएम ने आगे कहा कि 2019 में जनता के पास हमें जाना है, इसलिए सरकार कोई ऐसी घोषणा नहीं कर रही, जिसे हम लागू न कर सकें। शुक्रवार को  विधानसभा बजट सत्र की दूसरी पाली भी सुचारु ढंग से चली।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version