रांची। नागरिकता संशोधन कानून भारत के दोनों सदनों से पारित होकर संवैधानिक स्वरूप ले चुका है। करोड़ों पीड़ित शरणार्थियों को नागरिकता प्रदान कर मोदी सरकार ने महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। रविवार को ये बातें उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहीं। वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में नागरिकता संशोधन कानून पर आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। श्री पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपनी प्रार्थना सभा में धार्मिक आधार पर पीड़ित शरणार्थियों के लिए भारत के दरवाजे खुले रखने की बात कही थी। कांग्रेस के कई बड़े नेताओं और पूर्व की सरकारों ने संसद में इसके पक्ष में राय रखी है, पर आज कांग्रेस हताशा और निराशा में संविधान विरोधी और तुष्टिकरण की भाषा बोल रही है।
विपक्ष को जटिल मुद्दों के समाधान से कुछ मतलब नहीं
उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश के जटिल मुद्दों के समाधान से कुछ लेना-देना नहीं है। मोदी सरकार ने जिस प्रकार से अनुच्छेद 370 और 35 ए, तीन तलाक और राम मंदिर विवाद जैसे जटिल मुद्दों को अपनी दृढ इच्छा शक्ति से निपटाया है उससे विपक्ष घबरा गया है। भाजपा विपक्षियों की दूषित राजनीति को तार-तार करने के लिए रविवार से पूरे देश में जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है। भाजपा की पूंजी उसके कार्यकर्ता और जनता हैं। पार्टी के असंख्य कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाकर विरोधियों के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देंगे और जनता को वास्तविकता से परिचित करायेंगे। कार्यशाला के समापन के बाद केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडेय ने हरमू और अरगोड़ा में विभिन्न घरों में जाकर जनसंपर्क अभियान का प्रदेश में शुभारंभ किया। मौके पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी की ओर से 15 से 20 जनवरी के बीच रांची, पलामू, धनबाद, दुमका और जमशेदपुर में प्रमंडल स्तरीय मेगा रैली का आयोजन किया जायेगा, जिसमें केंद्रीय नेता हिस्सा लेंगे। वहीं दस से पंद्रह जनवरी के बीच प्रदेश के सभी 26 सांगठनिक जिलों में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन भी किया जायेगा। वहीं मंडल स्तर पर नुक्कड़ सभा का भी आयोजन होगा।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

