फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली अब माता -पिता बन गए हैं। उनके घर एक नन्ही परी का आगमन हुआ है। पिछले कुछ दिनों से अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुईं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने आज दोपहर मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। इसकी जानकारी अनुष्का के पति विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फैंस को दी। विराट कोहली ने लिखा-‘हम दोनों को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। हम आपके प्यार और मंगलकामनाओं के दिए दिल से आभारी है। अनुष्का और हमारी बेटी, दोनों बिल्कुल ठीक है और ये हमारा सौभाग्य है कि हमे इस जिंदगी का यह चैप्टर अनुभव करने को मिला।’ इसके साथ ही विराट ने फैंस से इस समय थोड़ी प्राइवेसी की अपील की है।
घर में नए सदस्य के आने से अनुष्का और विराट दोनों ही काफी खुश हैं। हालांकि विराट और अनुष्का ने अभी अपनी बेटी की झलक दुनिया को नहीं दिखाई है। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के माता -पिता बनने की खबर सामने आते ही फैंस काफी खुश है और उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और उनके लिए मंगलकामनायें कर रहे हैं। फैंस के बीच विरुष्का के नाम से मशहूर विराट और अनुष्का अक्सर अपनी लव लाइफ को लेकर फैंस के बीच चर्चा में रहते हैं। बता दें कि विराट और अनुष्का ने बीते अगस्त में ही घर में आने वाली खुशखबरी सोशल मीडिया पर फैंस के साथ सांझा की थी।