आजाद सिपाही संवाददाता
गिरिडीह। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सादीगंवारों में शनिवार देर रात चोरी के आरोप में विनोद चौधरी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। 31 दिसंबर की देर रात को आदिवासी बाहुल्य सादीगंवारों गांव के बीरालाल टुडू के घर के उस कमरे में विनोद घुस गया, जिसमें बकरियां और अन्य मवेशी थे। वह बकरियों को खोल रहा था, तभी मवेशी चिल्लाने लगे। मवेशियों की आवाज सुन कर घरवाले जग गये और शोर मचाने लगे। इस बीच गांव वाले जुट गये और भाग रहे विनोद को घेर लिया। ग्रामीणों ने उसकी जम कर पिटाई की, जिससे उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर जिला परिषद सदस्य प्रवीण मुर्मू, मुखिया फूलचंद बास्के, उप मुखिया संजय यादव और अन्य पहुंचे और कहा कि यह घटना आत्मरक्षा में घटी है। सूचना पर एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनय कुमार राम दलबल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।