आजाद सिपाही संवाददाता
धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जनवरी को धनबाद पहुंच रहे हैं। वे यहां एक जनसभा को संबोधित करने के अलावा सिंदरी हर्ल को जनता को समर्पित करेंगे। इसकी जानकारी प्रदेश भाजपा के महामंत्री आदित्य साहू ने शुक्रवार को धनबाद में दी। बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर तैयारी में जुट गये हैं।
इस बाबत धनबाद में भाजपा कार्यालय में धनबाद गिरिडीह और कोडरमा संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को लेकर संयुक्त बैठक की गयी। इसमें लोकसभा 2024 चुनाव सहित क्षेत्र की सुविधाओं, जन धन योजना सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गयी। बताया गया कि प्रधानमंत्री उस दिन सिंदरी स्थित हर्ल उर्वरक कारखाने को जनता को समर्पित करेंगे। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी और प्रदेश भाजपा कमेटी का पुनर्गठन को लेकर भी चर्चा की गई। गौरतलब हो कि लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की नजर धनबाद पर विशेष रूप से है, क्योंकि आर्थिक राजधानी धनबाद संसदीय सीट पिछले कई चुनाव से भाजपा की झोली में रही है। जिसे अनवरत बनाए रखना भी पार्टी के लिए एक चुनौती है। विरोधी पार्टियां भी इस सीट के लिए जी जान लगाये हुए हैं।