पलामू/मुसाबनी (आजाद सिपाही)। प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार की रात मची भगदड़ में पलामू के रेहला की एक महिला की मौत हो गयी है। वहीं इस घटना में उसके कुछ परिजन भी घायल हो गये हैं। इसमें उसकी बहन की हालत गंभीर बतायी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी अमरीश पांडेय अपनी पत्नी गायत्री देवी और बड़े बेटे सहित दर्जन भर रिश्तेदारों के साथ सोमवार को प्रयागराज महाकुंभ में गये थे। सभी मंगलवार को दोपहर महाकुंभ मेला में पहुंच भी गये थे। मौनी अमावस्या को प्रात: स्नान करने के लिए सभी वहीं रुक गये। रात्रि नौ बजे संगम तट किनारे सभी लोग चादर बिछा कर सो गये।

इसी बीच रात में भगदड़ मच गयी। तट पर सोये लोग अनियंत्रित भीड़ की चपेट में आ गये। इसी घटना में गायत्री देवी (60) की मौत हो गयी, जबकि उनकी बड़ी बहन तेतरी देवी (62) गंभीर रूप से घायल हो गयीं। इसके अलावा मृतका के भाई राम कृपाल तिवारी और जीजा कयास दुबे भी घायल हैं। कयास दुबे गढ़वा जिला के झुरा गांव के रहने वाले हैं। मृतका का छोटा बेटा प्रयागराज के आर्मी कैंप में ही पदस्थापित है। इधर घटना के बाद से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। उधर, मुसाबनी सुंदर नगर के रहने वाले शिवराज गुप्ता की भी भगदड़ में दबने से मौत होने की सूचना है। उनकी पत्नी पूनम राज ने बताया कि आखिरी बार मंगलवार 11.30 बजे उनसे बात हुई थी। शिवराज झारखंड स्टेट कोआॅपरेटिव बैंक में कार्यरत थे। उनके दो बच्चे हैं। बेटी स्वर्णा दिल्ली और बेटा शिवम बंगलुरू में नौकरी करता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version