बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से शनिवार सुबह सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता की खबर आई है। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जवानों ने अब तक दो माओवादियों को मार गिराया है। मौके से दोनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। ताजा जानकारी मिलने तक इलाके में जवानों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।

खूफिया इनपुट पर शुरू हुआ एक्शन बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों को इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की एक विशेष टीम को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया। शनिवार तड़के करीब 5 बजे जैसे ही जवान आगे बढ़े, घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो नक्सली मारे गए।

इलाके की घेराबंदी तेज बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि सुरक्षा कारणों और जारी मुठभेड़ को देखते हुए फिलहाल ऑपरेशन की सटीक लोकेशन और शामिल बलों की संख्या गोपनीय रखी गई है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की पहचान और बरामद हथियारों का विवरण साझा किया जाएगा।

राज्य में पिछले कुछ महीनों से नक्सल विरोधी अभियान में तेजी आई है, जिससे माओवादी संगठनों में खलबली मची हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version