धनबाद। नगर निकाय चुनाव 2026 की तारीखों के ऐलान के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने धनबाद मेयर पद के लिए औपचारिक दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र लिखकर अपनी उम्मीदवारी का प्रस्ताव रखा है।
पत्र में संजीव सिंह ने खुद को पार्टी का अनुशासित और समर्पित सिपाही बताया है। उन्होंने अपनी चार पीढ़ी की राजनीतिक विरासत का जिक्र करते हुए बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रहे, माता कुंती देवी दो बार विधायक रहीं। वह स्वयं भी पूर्व में विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी रागिनी सिंह झरिया से विधायक हैं।
राजनीतिक पृष्ठभूमि के अलावा संजीव सिंह ने जमीनी जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वे बीसीसीएल के सबसे बड़े मजदूर संगठन से जुड़कर श्रमिकों के हितों के लिए कार्य कर रहे हैं। इस अनुभव ने उन्हें जनसमस्याओं की गहरी समझ दी है, जिसका लाभ वे मेयर बनकर नगर के सर्वांगीण विकास में देना चाहते हैं।
पत्र के अंत में संजीव सिंह ने पार्टी नेतृत्व से सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया और कहा कि वे संगठन के हर निर्णय का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनकी इस पहल ने धनबाद के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version