खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में 7 जनवरी को हुई पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। बुधवार को पुलिस ने इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड दानियल सांगा समेत 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 14 लोग जेल भेजे जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य शूटर और साजिशकर्ता शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने पकड़ने के बाद सड़क पर परेड भी कराई।
जमीन विवाद और ‘खूंटकट्टी’ की रक्षा बनी मौत की वजह पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सोमा मुंडा की हत्या किसी व्यक्तिगत रंजिश में नहीं, बल्कि जमीन के बड़े कारोबार और वर्चस्व की वजह से की गई। मुख्य आरोपी दानियल सांगा का सोमा मुंडा के साथ 14 डिसमिल जमीन को लेकर सालों से विवाद था।
इससे भी बड़ा कारण यह था कि सोमा मुंडा सीएनटी एक्ट (CNT Act) और मुण्डारी खूंटकट्टी जमीन के नियमों का हवाला देकर भू-माफियाओं के अवैध सौदों में बाधा बन रहे थे। नवंबर 2025 में जब माफियाओं ने जियारप्पा में 32 एकड़ जमीन कब्जाने की कोशिश की, तो सोमा मुंडा के नेतृत्व में ग्रामसभा ने उनके शिलापट्ट उखाड़ दिए थे। इसी के बाद भू-माफियाओं ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।
50 हजार की सुपारी और स्कूल से निकले छात्र का इस्तेमाल हत्या की योजना क्रिसमस के दौरान ही बन गई थी। दानियल ने अपने भतीजे सुमित सांड और स्कूल से निकाले गए छात्र मारकुस सांगा को हत्या के लिए तैयार किया। मारकुस को सोमा मुंडा ने अनुशासनहीनता के कारण स्कूल से निकाला था, जिसका उसे गुस्सा था। दानियल ने उसे 50 हजार रुपये का लालच दिया और हथियार मुहैया कराए। 7 जनवरी की शाम जब सोमा मुंडा पत्नी के साथ लौट रहे थे, तब जमुवादाग तालाब के पास पीछा कर रहे शूटरों ने उन्हें गोली मार दी।
हथियार और बाइक बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (बदले हुए नंबर के साथ), देसी पिस्टल और गोलियां बरामद की हैं। इन सबूतों को संदीप खलखो के फार्म हाउस और दानियल के घर में छुपाया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में दानियल सांगा, सुमित सांड, मारकुस सांगा, संदीप खलखो और संतोष सांड शामिल हैं।



