रांची। झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ‘तरन्नुम परवीन हत्याकांड’ का अंत बेहद नाटकीय और दुखद रहा। अपनी पत्नी की बेरहमी से गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति तौकिर अंसारी ने मंगलवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तौकिर पर आरोप था कि उसने तीन दिन पहले अपनी पत्नी के सिर में गोली दागकर उसे मौत के घाट उतार दिया था और तब से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
अवैध संबंधों और प्रताड़ना की कहानी डोरंडा के मनीटोली वारिस चौक के पास रहने वाले तौकिर अंसारी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका के भाई मो. मोजाहिद द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, तौकिर का निशा केरकेट्टा नामक महिला के साथ प्रेम प्रसंग था। जब पत्नी तरन्नुम ने इसका विरोध किया, तो तौकिर ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। 24 जनवरी को उसने अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी।
मासूम बेटे ने खोला था पिता का राज इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू वह था जो तौकिर के मासूम बेटे अरहाम अंसारी ने बताया। अरहाम ने अपने मामा को बताया कि पिता ने मां को गोली मारी और फिर जुर्म छुपाने के लिए उसे बिस्तर पर लिटाकर उसके हाथ में बंदूक रख दी, ताकि यह आत्महत्या जैसा लगे। मोजाहिद के आवेदन पर पुलिस ने तौकिर और उसकी कथित प्रेमिका निशा के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस दबिश के बीच उठाया आत्मघाती कदम हत्या के बाद से ही तौकिर फरार चल रहा था और पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। गिरफ्तारी के डर और शायद पछतावे के चलते उसने मंगलवार रात फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।



