साहिबगंज/पतना। साहिबगंज जिले के बरहेट-बरहड़वा मुख्य पथ पर छोटा रांगा डांड़ पुल मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों को लेकर जा रहे एक ऑटो (जेएच 17 एइ 0334) और एक तेल टैंकर (डब्ल्यूबी 29 डी 6669) की आमने-सामने भिड़ंत हो गयी। इस हादसे में एक स्कूली बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि तीन बच्चों सहित कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है।

हादसे के बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने रांगा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतना में तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में बरहड़वा और रांगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहती थी, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए शव ले जाने से रोक दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रांगा थाना क्षेत्र के बड़ा रांगा गांव निवासी 30 वर्षीय समरा साह, घटियारी गांव की 30 वर्षीय रंदनी सोरेन और डाहूजोर गांव की छह वर्षीय बच्ची शांति हेंब्रम के रूप में हुई है। बताया गया कि रंदनी सोरेन बरहड़वा जा रही थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो बरहेट से बरहड़वा की ओर जा रहा था, जबकि तेल टैंकर बरहड़वा से तेल खाली कर बरहेट की ओर लौट रहा था। सभी यात्री डहुआजोड़ चौक पर उतरने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

इस घटना को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि साहिबगंज जिले के बरहड़वा-बरहेट मुख्य मार्ग पर रांगा के समीप टेंपू और टैंकर की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है और आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की स्थिति गंभीर है। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने सिविल सर्जन, साहिबगंज को तत्काल रांगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया, ताकि घायलों को हर संभव और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जा सके। मौके पर सभी आवश्यक डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद हैं तथा गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version