रांची। रांची पुलिस ने 61 दिनों से लापता 12 वर्षीय कन्हैया कुमार को कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया है। कन्हैया ओरमांझी क्षेत्र का रहने वाला था और 22 नवंबर, 2025 की शाम से गायब था। उसकी बरामदगी के लिए गठित एसआईटी टीम सात राज्यों में छापेमारी कर रही थी। रांची एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली कि बच्चे को कोडरमा में छिपाकर रखा गया है। इस पर कोडरमा पुलिस की मदद से रांची पुलिस की टीम ने कार्रवाई कर उसे बचा लिया। पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग स्वयं एसएसपी ने की।
कन्हैया के लापता होने की घटना दुखद है। वह कक्षा तीन का छात्र था और शाम को अपनी मां की फुचका दुकान पर हाथ बंटाता था। लापता होने वाली शाम वह फुटबॉल खेलने गया था, फिर दुकान पर आकर अपनी मां के लिए चाट बनाया। चाट देने के बाद वह वापस आने की बात कहकर चला गया और फिर कभी नहीं लौटा। परिवार की हालत पहले से ही दयनीय है। उसके पिता शारीरिक रूप से अक्षम हैं, बड़े भाई की किडनी खराब है और छोटी बहन है।
यह सफल बरामदगी एक बड़े अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह के पर्दाफाश के बाद हुई है। रांची पुलिस ने पिछले रविवार को इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जो बच्चों का अपहरण कर उन्हें भीख मंगवाने, देह व्यापार और मानव तस्करी जैसे घिनौने अपराधों में धकेलता था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, डीजीपी तदाशा मिश्रा और सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक के निर्देश पर एसआईटी ने इस नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया था। कन्हैया की बरामदगी इसी जांच की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



