रांची। विनय कुमार चौबे से जुड़े भ्रष्टाचार मामले की जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने मंगलवार को अशोक नगर स्थित ‘प्रीहोम-होमियोपैथिक क्लिनिक’ पर छापा मारकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

यह क्लिनिक निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी के स्वामित्व में है, जिसका वास्तविक संचालन उनकी पत्नी प्रियंका त्रिवेदी द्वारा किया जाता है। जांच के दौरान एसीबी को पता चला कि प्रियंका त्रिवेदी एक होमियोपैथिक डॉक्टर हैं और इस क्लिनिक से जुड़ी हुई हैं।

पूछताछ में शिपिज त्रिवेदी ने बताया था कि उनकी पत्नी वहां प्रैक्टिस करती हैं। हालांकि, एसीबी की गहन जांच में यह खुलासा हुआ कि यह क्लिनिक शिपिज त्रिवेदी के स्वामित्व वाली एक संस्था है और इसके वित्तीय लेन-देन पर नजर रखी जा रही थी।

इसी आधार पर एसीबी की विशेष टीम ने क्लिनिक पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान क्लिनिक से जुड़े कागजातों की बारीकी से जांच की गई और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों से संबंधित कई दस्तावेजों को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया गया। यह कार्रवाई विनय चौबे के नेटवर्क में छिपे अवैध आर्थिक लेन-देन का पता लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। एसीबी जब्त दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version