नई दिल्ली। इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, हैवी फैब्रिकेशन, कास्टिंग और फॉर्जिंग में लगी शायोना इंजीनियरिंग के शेयरों ने स्टॉक मार्केट में फ्लैट एंट्री करके IPO निवेशकों को निराश किया। 144 रुपये के इश्यू प्राइस पर जारी शेयर बीएसई के SME प्लेटफॉर्म पर बिना उतार-चढ़ाव के 144 रुपये पर ही लिस्ट हुए। लिस्टिंग के बाद बिकवाली के दबाव से शेयर 137.40 रुपये तक गिर गए, हालांकि बाद में खरीदारी से सुधार हुआ। सुबह 11 बजे तक शेयर 143 रुपये पर कारोबार कर रहे थे और निवेशक 0.69 प्रतिशत के नुकसान में थे।
शायोना इंजीनियरिंग का 14.86 करोड़ रुपये का IPO 22-27 जनवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसे निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला और यह ओवरऑल 5.43 गुना सब्सक्राइब हुआ। QIB के लिए रिजर्व पोर्शन 3.33 गुना, NII के लिए 9.30 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए 3.73 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस IPO के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 10.32 लाख नए शेयर जारी किए गए। जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल प्लांट और मशीनरी खरीदने, पुराने कर्ज को कम करने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए होगा।
कंपनी की वित्तीय सेहत में लगातार मजबूती दिख रही है। वित्त वर्ष 2022-23 में 61 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो 2023-24 में बढ़कर 1.71 करोड़ और 2024-25 में 2.42 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल-30 नवंबर 2025 तक 2.45 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है।
राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई। 2022-23 में 12.63 करोड़, 2023-24 में 15.28 करोड़ और 2024-25 में 23.18 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। मौजूदा वित्त वर्ष में अप्रैल-30 नवंबर 2025 तक 19.15 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
हालांकि कंपनी के कर्ज में भी लगातार बढ़ोतरी हुई। 2022-23 में 3.45 करोड़, 2023-24 में 5.42 करोड़, 2024-25 में 13.92 करोड़ और 30 नवंबर 2025 तक कर्ज 22.61 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिजर्व और सरप्लस 2022-23 में 1.01 करोड़ से बढ़कर 30 नवंबर 2025 तक 9.50 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA भी 2022-23 में 1.15 करोड़ से बढ़कर 2024-25 में 5 करोड़ रुपये पर पहुंचा।



