नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ सपाट स्तर पर बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बनने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक पहले 20 मिनट में ही गिर कर लाल निशान में पहुंच गए। हालांकि खरीदारों ने थोड़ी देर बाद ही लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांकों ने वापस हरे निशान में अपनी जगह बना ली। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.03 प्रतिशत और निफ्टी 0.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, श्रीराम फाइनेंस और जियो फाइनेंशियल के शेयर 6.64 प्रतिशत से लेकर 1.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजी और टेक महिंद्रा के शेयर 2.92 प्रतिशत से लेकर 1.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,685 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,907 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 778 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 28 शेयर हरे निशान में और 22 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 70.51 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 77,998.66 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से यह सूचकांक लुढ़क कर लाल निशान में 77,809.93 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 22.87 अंक की मजबूती के साथ 77,951.02 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत उछल कर 24,361.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 60 अंक से अधिक टूट कर लाल निशान में 24,299.70 अंक के स्तर तक लुढ़क गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 19.80 अंक की मजबूती के साथ 24,336.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 273.55 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,928.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,317.15 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।



