गंगटोक। न्यायमूर्ति ए. मोहम्मद मुश्ताक ने आज आधिकारिक तौर पर सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। राजधानी गंगटोक स्थित लोक भवन के ‘आशीर्वाद हॉल’ में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
दिग्गज हस्तियों की रही मौजूदगी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्य की कई महत्वपूर्ण हस्तियां उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने व्यक्तिगत रूप से समारोह में शिरकत कर नए मुख्य न्यायाधीश को बधाई दी। उनके अलावा सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष एमएन शेरपा, न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदार राई, न्यायमूर्ति भास्कर राज प्रधान और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री व विधायक भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य सचिव आर. तेलांग ने नियुक्ति से संबंधित वारंट और अधिसूचना पढ़कर सुनाई।
केरल से सिक्किम तक का सफर न्यायविद् ए. मोहम्मद मुश्ताक इससे पहले केरल उच्च न्यायालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह सिक्किम उच्च न्यायालय के निवर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सोमद्दर का स्थान लेंगे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर करते हुए कहा कि न्यायमूर्ति मुश्ताक के नेतृत्व में राज्य की न्यायिक प्रणाली को नई दिशा मिलेगी।
समारोह के समापन पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने नए मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

